बागेश्वर कलक्ट्रेट में भर्ती धांधली की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन करते एबीवीपी कार्यक
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग परीक्षा घोटाले और विधानसभा में नियुक्ति मामले की निष्पक्ष जांच की मांग के लिए भाजपा के छात्र संगठन अभाविप के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले की सीबीआई जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।
अभाविप के जिला संयोजक सौरभ जोशी के नेतृत्व में छात्रों ने सामने आ रहे भर्ती घोटालों पर नाराजगी जाहिर करते हुए नारेबाजी की। ज्ञापन में कार्यकर्ताओं का कहना है कि भर्ती परीक्षा और नियुक्तियों में घोटाला और भ्रष्टाचार का उजागर होना गंभीर मामला है।
प्रदेश के युवा कड़ी मेहनत से नौकरी के लिए तैयारी करते हैं, लेकिन धनबल के दम पर अयोग्य रोजगार हासिल कर रहे हैं। युवाओं के हितों से खिलवाड़ किया जा रहा है। कहा कि छात्र संगठन योग्य युवाओं के साथ हो रहे इस अन्याय की कड़ी निंदा करता है और जब तक मामले की जांच कर दोषियों को सजा नहीं सुनाई जाती, संघर्ष करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो छात्र सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहां पर राजेंद्र दानू, हिमांशु जोशी, ललिता थापा, भावना, पूजा भट्ट, पंकज कुमार, आशीष कुमार, हरीश कुमार आदि थे।