बागेश्वर के पंडित बीडी पांडेय के खेल मैदान में एनसीसी के लिए मश्क्क्त करने अभ्यर्थी।
बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय परिसर में 81 यूके वाहिनी एनसीसी की ओर से डायरेक्ट सी प्रमाणपत्र की प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की गई। भर्ती परीक्षा के दौरान कुल 90 अभ्यर्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेते हुए अपने शारीरिक एवं मानसिक दमखम का प्रदर्शन किया। आयोजित भर्ती प्रक्रिया में कुल 90 अभ्यर्थियों में 33 छात्राओं और 57 छात्रों ने निर्धारित शारीरिक मापदंडों को पूरा करने के लिए विभिन्न चरणों में अपनी प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का लोहा मनवाया। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. कमल किशोर जोशी ने बताया कि वर्तमान में डायरेक्ट सी प्रमाणपत्र के लिए भर्ती प्रक्रिया कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस मौके पर सूबेदार महिपाल सिंह, हवलदार रिद्धि बहादुर थापा और हवलदार लोक बहादुर घर्ती मौजूद रहे।