बागेश्वर। शिक्षा विभाग की नियुक्तियों में बाहरी राज्यों के डीएलएड, बीएड व टीईटी प्रशिक्षुओं को मौका देने के निर्णय से डीएलएड प्रशिक्षुओं में आक्रोश है। डायट में प्रशिक्षण ले रहे संस्थागत डीएलएड प्रशिक्षुओं ने एडीएम राहुल गोयल के माध्यम से शिक्षा सचिव को ज्ञापन भेजकर मूल नियमावली के पंचम संशोधन को शीघ्र संशोधित करने की मांग की है। ऐसा न होने पर दो जनवरी से डायट में संपादित होने वाली सारी गतिविधियां निदेशालय में ही संपादित करने की चेतावनी दी है। शिक्षा सचिव को भेजे ज्ञापन मेें प्रशिक्षुओं ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने प्राथमिक शिक्षक नियमावली 2012 के पंचम संशोधन से राज्य के बाहर से डीएलएड, बीएड व टीईटी करने वाले अभ्यर्थियों को मौका देने से राज्य के बेरोजगारों का अहित होगा। सरकार के इस फैसले से डायट से प्रशिक्षण ले रहे 650 संस्थागत अभ्यर्थियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में पंकज गोस्वामी, अंजना पंत, ममता तिवारी, शुभम साह, हेमंत लोबियाल, कोमल बिष्ट, देवेंद्र कोरंगा, नरेंद्र कोरंगा भावना गोस्वामी, हिमांशु जोशी शामिल थे। ब्यूरो