बागेश्वर। गरुड़ विकास खंड के रतौड़ा गांव का यातायात सुविधा का लाभ नहीं मिल सका है। गांव को मेरा गांव मेरी सड़क से जोड़ने की मांग की है। ग्रामीणों ने बुधवार को विधायक, डीएम से मुलाकात कर गांव में सड़क निर्माण कर यातायात सुविधा मांगी। ग्राम प्रधान रतौड़ा मदन राम सहित सरपंच कृष्णा देवी, ग्रामीण गोपाल दत्त पांडेय आदि ग्रामीणों ने डीएम को बताया कि गांव में सड़क न होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। गर्भवती महिलाओं, बीमार ग्रामीणों को डोली में उठाकर ले जाना पड़ता है। कई बार सूचित करने के बाद भी गांव के लिए सड़क स्वीकृत नहीं की जा रही है। सड़क स्वीकृत होने से गांव में भानाउडियार, नालीकोट, तल्ली नाकुरी, सैरगैर, मौलीधार को भी यातायात सुविधा का लाभ मिल सकता था लेकिन शासन प्रशासन की उपेक्षा के चलते रतौड़ा गांव को यातायात सुविधा का लाभ नहीं मिल सका है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि गांव को सड़क से नहीं जोड़ा गया तो ग्रामीण आगामी चुनाव में रोड नहीं तो वोट नहीं के तहत चुनाव का बहिष्कार करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में गोविंद राम, लछम राम, गिरीश पांडे, कुंदन पांडे, देवदयाल टम्टा, कैलाश प्रसाद, आरती, तारा, हरीश राम, पुष्पा आदि थे।
रतौड़ा को नहीं मिल सका यातायात सुविधा का लाभ