बागेश्वर। जिले में इन दिनों बारात का सीजन चरम पर है। एक ही बारात में छोटे, बड़े 15 से अधिक वाहन लगे हैं। गाड़ियों की भारी कमी के चलते यात्री परेशान हो गए हैं। इसका फायदा उठाकर कुछ वाहन चालक ओवरलोडिंग कर यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। इस कारण कई लोगों को यात्रा स्थगित करनी पड़ रही है। इन दिनों बारातों का धूूमधड़ाका जोरों पर है। इस कारण जिन सड़कों पर पहले 15 से 35 तक छोटे, बड़े वाहन चलते थे, उनमें अब दो से पांच तक ही वाहन चल रहे हैं। इससे लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। वाहनों की कमी के कारण हल्द्वानी, पिथौरागढ़, मुनस्यारी, ग्वालदम, रानीखेत जाने वालों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। वाहन कम होने के कारण नजदीक के क्षेत्रों में जाने वाले अब पैदल चलने को मजबूर हैं। कई लोगों को गाड़ी बदलकर जाना पड़ रहा है। जिले में केमू बसों की संख्या काफी कम है जबकि यहां रोडवेज डिपो का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। इस कारण बाहरी क्षेत्रों से यहां के लिए रोडवेज की भी गिनी-चुनी बसें ही चलती हैं। लोगों ने शासन से बिलौना में निर्माणाधीन रोडवेज डिपो का निर्माण शीघ्र पूरा करने की मांग की है।