बागेश्वर। कांडा ब्लॉक के बाजीरौट में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों ने पेयजल, सड़क, राशनकार्ड, आवास, आपदा से हुए नुकसान समेत 61 शिकायतें दर्ज कराई। 36 समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए डीएम रीना जोशी ने संबंधित अधिकारियों को अन्य शिकायतों का प्राथमिकता से संज्ञान लेकर जल्द निदान करने के निर्देेश दिए।
शिविर में पुष्पा देवी, पार्वती देवी, तारा देवी, सीमा देवी, दीपक कुमार, प्रेम प्रकाश, रेवती देवी, तुलसी देवी, गंगा देवी, मुन्नी देवी, खष्टी देवी, सोनी देवी, भूपेंद्र धपोला ने आवास की मांग की। चंद्रशेखर ने राशन कार्ड बनवाने, बीमारी का इलाज कराने और बिजली कनेक्शन दिलाने की मांग की।
राइंका बाजीरौट के पीटीए ने कालेज में शौचालय का निर्माण करवाने ओर सीनियर एनसीसी का संचालन कराने की मांग उठाई। मनोज नगरकोटी ने मंदिर में धर्मशाला बनवाने, आलम सिंह ने कांडा पड़ाव से जिला पंचातय डाक बंगले तक जीर्णशीर्ण सड़क की मरम्मत करने, मोहनी देवी ने राशन कार्ड का नवीनीकरण करवाने, कलावती देवी, किशन राम ने नया राशन कार्ड बनाने की मांग की। दीपक रावत ने आपदा में ध्वस्त शौचालय और आंगन का मुुआवजा मांगा।
धौलीनाग मंदिर कमेटी के अध्यक्ष ने मंदिर तक सड़क की मरम्मत करने और टाना गांव में ध्वस्त पेयजल योजना को ठीक कराने की मांग की। राजेंद्र प्रसाद ने राखाखेत में लोनिवि के पैदल पुल निर्माण में काटी जमीन का मुआवजा देने की मांग की। भदौरा की ग्राम प्रधान गोविंदी देवी ने भदौरा गधेरे से गांव का रास्ता टूटने और खेतों में मलबा भर जाने की शिकायत उठाई।
शिविर को संबोधित करते हुए जिपं अध्यक्ष बसंती देव और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बलवंत भौर्याल ने कहा कि सरकार जनता के द्वार के तहत लगने वाले बहुउद्देश्यीय शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का निदान किया जा रहा है। शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र, कोविड वैक्सीनेशन, मरीजों की जांच, पेंशन के आवेदन, पशुपालकों का उपचार आदि किया गया। घरेलू हिंसा के दो केस दर्ज हुए। कई लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। वहां पर ब्लॉक प्रमुख पुष्पा देवी, जिपं सदस्य पूजा आर्या आदि थे।