बागेश्वर। जिले में बारिश और बर्फबारी का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। कपकोट और दुगनाकुरी तहसील के करीब 60 गांवों में बिजली गुल रही। बिजली गुल होने से क्षेत्र की करीब 20 हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कपकोट के कर्मी क्षेत्र की बिजली लाइन पर रविवार की शाम को पेड़ गिरने से क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पूरी रात क्षेत्र की बिजली गुल रही। सोमवार को सुबह से विभाग कर्मचारियों ने लाइन की मरम्मत शुरू की। पूरा दिन लाइन की मरम्मत का काम चलता रहा और शाम को आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं विजयपुर से दुग नाकुरी क्षेत्र को जोड़ने वाली मुख्य लाइन पर भी पेड़ गिरने से 40 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। इधर, यूपीसीएल के एसडीओ एसएस भंडारी ने बताया कि दुग नाकुरी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुबह 10 बजे तक बहाल हो गई थी। कपकोट के गांवों की बिजली आपूर्ति भी शाम पांच बजे तक बहाल कर दी गई थी।