बागेश्वर। नाप भूमि में बिजली के पोल लगाने के विरोध में हरसीला गांव निवासी नैन सिंह ने सोमवार को कलक्ट्रेट में धरना दिया। ग्रामीण ने आरोप लगाया कि बिजली की लाइन बिछाने के कारण उसके खेतों को पहुंच रहे नुकसान का मुआवजा नहीं दिया गया है। नैन सिंह ने बताया कि जिस जगह पर बिजली के पोल लगाए जाने हैं, वहां पर बांज, फल्यांट और जामुन के पेड़ हैं। इससे दर्जनों पेड़ कट जाएंगे। नैन सिंह ने आरोप लगाया कि बिना उसकी अनुमति के उसकी जमीन पर बिजली के पोल लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा उसका आरोप है कि अनर्सा-कन्यालीकोट सड़क के मलबे से दबी उसकी जमीन का मुआवजा भी अभी तक नहीं दिया गया है। बाद में नैन सिंह ने डीएम को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा।