बागेश्वर। जीडीएस कमेटी की सिफारिशें लागू करने की मांग को लेकर डाक सेवकों की बेमियादी हड़ताल बृहस्पतिवार को भी जारी रही। हड़ताल से ग्रामीण क्षेत्रों की डाक सेवा बुरी तरह लड़खड़ा गई है। हड़ताल पर डटे कर्मियों ने जीडीएस कमेटी की सिफारिशें लागू नहीं होने तक हड़ताल जारी रखने का अपना संकल्प दोहराया। मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। धरनास्थल प्रधान डाकघर के प्रांगण में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार जीडीएस कमेटी की सिफारिशें मानने के लिए कतई गंभीर नहीं दिखाई दे रही है। कमेटी सकारात्मक सिफारिशों के बावजूद केंद्र फाइल को कैबिनेट की बैठक में लाने को कतरा रही है। वक्ताओं ने सिफारिशें शीघ्र लागू न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। संगठन के जिलाध्यक्ष जय गिरी गोस्वामी ने अध्यक्षता की। इनमें जगदीश सिंह, विमला परिहार, बाली प्रसाद, मान सिंह, हरीश बिष्ट, आनंद सिंह, तारा देवी आदि थे।