बागेश्वर। टीबी नियंत्रण संविदा कर्मियों को छह महीने से मानदेय नहीं मिल सका है। गुस्साए कर्मियों ने संगठन के प्रांतीय आह्वान पर सोमवार से बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी है। जिला अस्पताल के पास टीबी सेंटर के प्रांगण में हुई सभा में टीबी के संविदा कर्मी संघ के जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह मनकोटी ने कहा कि वेतन नहीं मिलने से उन्हें कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। वेतन के लिए कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक वेतन नहीं मिलता, काम पर नहीं लौटेंगे।