बागेश्वर। सोमवार को जिले के कई जंगलों में फिर आग धधक गई। कलक्ट्रेट के पास स्थित चीड़ के जंगल में भी आग लग गई। आग के कारण वातावरण में धुंध बढ़ती जा रही है। बारिश का क्रम रुकने के बाद एक बार फिर जंगलों में आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिले के कई जंगल पिछले तीन दिन से आग की चपेट में हैं। रविवार को जिला जजी के ऊपरी भाग में स्थित जंगल में आग लगने के बाद सोमवार को कलक्ट्रेट के निकट के जंगल में आग लग गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मियों द्वारा आग पर काबू पा लिया गया।