बागेश्वर। कपकोट के दूरस्थ सोराग गांव में गोशाला में लगी आग से आधा दर्जन मवेशियों की मौत हो गई। सोमवार रात नैन सिंह की गोशाला में अचानक आग लग गई। इससे गोशाला में बंधे चार भैंस और एक जोड़ी बैल झुलसकर मर गए। गोशाला में मकान बनाने के लिए रखी इमारती लकड़ी भी जलकर राख हो गई। पशुपालक नैन सिंह के अनुसार उन्हें एक लाख से अधिक की क्षति हुई है। ग्राम प्रधान चंदन राम, दिनेश दानू, देवेंद्र सिंह आदि ने प्रशासन से पशुपालक को उचित मुआवजा देने की मांग की है।