बारिश से किसानों के खिले चेहरे
बागेश्वर। जिले भर में सोमवार देर रात बारिश हुई। बारिश से जहां ठिठुरन बढ़ गई, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे। मंगलवार को सूरज की आंखमिचौनी चलती रही। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार सोमवार रात बागेश्वर और कपकोट क्षेत्र में पांच-पांच एमएम, जबकि गरुड़ तहसील में 7.5 एमएम बारिश हुई। मुख्य कृषि अधिकारी वीपी मौर्य के मुताबिक बारिश से रबी की फसलों को काफी लाभ मिलेगा। उधर, कपकोट ब्लॉक के उच्च हिमालयी क्षेत्र के गांवों बोरबलड़ा, बदियाकोट, कुंवारी, सोराग, किलपारा, बाछम, खाती, झूनी, सूपी, किमू, गोगिना आदि गांवों की चोटियों पर हिमपात हुआ। इससे वहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ब्यूरो