अल्मोड़ा में 270 ने लगाई बूस्टर डोज
अल्मोड़ा। जिला मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न सेंटरो पर 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोविड-19 निशुल्क प्रिकाशन डोज लगाई गई। नगर में बनाए गए तीन वैक्सीनेशन सेंटरों में दूसरे दिन 270 लोगों ने बूस्टर डोज लगाई।
30 सितंबर तक चलने वाले इस वैक्सीनेंशन में बेस अस्पताल, राजकीय संग्रहालय, राजकीय चिकित्सालय रानीखेत, सीएचसी धौलादेवी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला, स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना, स्वास्थ्य केंद्र ताड़ीखेत आदि सेंटरों के दूसरे दिन लोगों ने इस अभियान के तहत प्रीकॉशन डोज लगाई। नोडल अधिकारी डॉ. दिपांकर डेनियल ने बताया कि वैक्सीनेशन के दूसरे दिन 270 लोगों को बूस्टर डोज लगाई गई। उन्होंने बताया कि 2,17000 लोगों का वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य है। संवाद
दो दिन में 130 लोगों को लगी बूस्टर डोज
बागेश्वर। जिले में 18 से 59 साल के लोगों को बूस्टर डोज लगने लगी है, हालांकि पहले दो दिन टीकाकरण की रफ्तार बेहद सुस्त रही और केवल 130 लोगों ने ही टीके लगाए हैं। विभाग की ओर से लोगों को बूस्टर डोज लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। सोमवार से टीकाकरण में तेजी आने की उम्मीद है।
बूस्टर डोज लगाने के लिए फिलहाल जिले में केवल पांच केंद्र ही बनाए गए हैं। जिला मुख्यालय में नगरपालिका में टीकाकरण कराया जा रहा है। कपकोट में भी एक टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। गरुड़ में तीन केंद्रों में टीकाकरण हो रहा है। टीकाकरण के पहले दिन यानि शुक्रवार को 97 लोगों को बूस्टर डोज लगाई गई, जबकि शनिवार को हरेला पर्व होने के कारण टीकाकरण में काफी कमी आई और पूरे दिन केवल 33 लोगों ने टीका लगवाया। रविवार को भी टीकाकरण की रफ्तार धीमी रहने की संभावना है। विभागीय अधिकारियों का मानना है अगले सप्ताह से टीकाकरण में तेजी देखने को मिलेगी।
ऑनलाइन पंजीकरण भी करा सकते हैं लोग
बागेश्वर। प्रिकाशन डोज लगाने के लिए पहली और दूसरी डोज लगाने का प्रमाण पत्र लाना है। हालांकि लोग कोविन एप पर पहले की तरह ऑनलाइन पंजीकरण भी करा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग लोगों से आजादी का अमृत महोत्सव के तहत चल रहे निशुल्क बूस्टर डोज टीकाकरण का लाभ उठाने की अपील कर रहा है।
पहले दो दिन बूस्टर डोज लगाने वालों की संख्या कम रही है। कम लोगों को देखते हुए फिलहाल पांच ही केंद्रों में टीकाकरण कराया जा रहा है। सोमवार से टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर विचार चल रहा है। जैसे-जैसे लोग बढ़ेंगे, टीकाकरण केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
डॉ. प्रमोद जंगपांगी, नोडल अधिकारी टीकाकरण बागेश्वर