बागेश्वर। कांडा विजयपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध धौलीनाग मंदिर में 26 अगस्त ऋषि पंचमी को मेला आयोजित होगा। मेले की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में अध्यक्ष वीरेंद्र धपोला ने कहा कि मेले को भव्य रूप देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। तय किया गया कि सभी व्यापारियों को दुकानें मंदिर परिसर में ही लगानी होंगी। विजयपुर या मंदिर परिसर से बाहर दुकानें नहीं लगाई जाएंगी। मेले में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात रहेगी। समिति के अध्यक्ष ने सभी क्षेत्रवासियों से मेले के आयोजन में सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक में जिला पंचायत सदस्य गोपाल राम, विंदू धपोला, भवान धपोला, खीम भंडारी, मोहन चंदोला, भगवान सिंह, मोहन धपोला आदि थे।