बागेश्वर। कपकोट तहसील के दूरस्थ स्थित सरकारी हाईस्कूल के छात्र को प्रधानाध्यापक के थप्पड़ मारने की सूचना छात्र के पिता ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी। कपकोट थाने से मौके पर पुलिस भी भेजी गई लेकिन छात्र के अभिभावकों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ तहरीर नहीं दी।
मिली जानकारी के अनुसार 112 नंबर पर छात्र के पिता ने पिता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घटना शनिवार की है। थप्पड़ मारने से छात्र के कान में चोट आई है। छात्र का इलाज जिला अस्पताल के इमरजेंसी में किया गया। कान की जांच के लिए छात्र को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
कपकोट के थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 112 पर शिकायत आई थी। पुलिस टीम मौके पर भेजी गई लेकिन छात्र के अभिभावकों ने पुलिस को घटना के संबंध में तहरीर नहीं दी। समझा जा रहा है कि दोनों पक्षों का समझौता हो गया है। मामले में तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।