बागेश्वर। राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय खातीगांव में डॉक्टर न होने से क्षेत्र के लोगों को कई दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने पूर्व सैनिक संगठन पल्ला कमस्यार के बैनर तले धरना, प्रदर्शन किया। सभा के बाद उन्होंने डीएम के नाम ज्ञापन भेजा। इसमें उन्होंने डॉक्टर की शीघ्र तैनाती न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। बुधवार सुबह ग्रामीण राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय प्रांगण में जमा हुए। सभा में वक्ताओं ने कहा कि अस्पताल में तैनात संविदा डॉक्टर का नियमितीकरण होकर अन्यत्र स्थानांतरण हो गया है। लेकिन एक पखवाड़े के बाद भी उनके स्थान पर नए डॉक्टर की तैनाती नहीं की गई है। डॉक्टर न होने से क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य लाभ के लिए यहां से 15 से 25 किमी दूर कांडा जाना पड़ रहा है। इसमें उनका काफी समय और पैसा बर्बाद हो रहा है। डॉक्टर की तैनाती की मांग कई बार कर दी गई है, लेकिन तैनाती नहीं की गई है। उन्होंने डीएम से अस्पताल में शीघ्र एमबीबीएस डॉक्टर की शीघ्र तैनाती करवाने की मांग की। उन्होंने मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कृपाल सिंह रावत, रामलाल दास आदि थे।