बागेश्वर। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। कांग्रेस इस भूमिका को बखूबी निभा रही है। प्रदेश में विपक्ष की आवाज को दबाने का काम हो रहा है। यह बात प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कही। मंगलवार को नुमाइशखेत में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने राज्य के प्रमुख मेलों के संरक्षण के लिए अनुदान दिया था। इसके लिए एक कमेटी भी बनाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विकास का पहिया थम गया है। पहाड़ से पलायन रोकने के लिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने काले भट, झोंगरा, मडुगा, कौंण, भांग की खेती बढ़ाने पर जोर दिया। यहां पर ललित फर्स्वाण, विधायक करन मेहरा, हरीश धामी, प्रशांत भैसोड़ा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता आर्य, पालिकाध्यक्ष गीता रावल, ब्लाक प्रमुख रेखा खेतवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।