बागेश्वर। तकनीकी फील्ड कर्मचारी संगठन की जिला इकाई के बैनर तले कर्मचारियों का 10 सूत्री मांगों को लेकर बेमियादी धरना प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। सभा में वक्ताओं ने शासन और विभाग के उच्चाधिकारियों पर उनकी मांगों की उपेक्षा करने का आरोप मढ़ा। उन्होंने शीघ्र मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। आंदोलनस्थल संस्थान के खरेही पट्टी इकाई के कार्यालय में संगठन के जिलाध्यक्ष कुशल रावत की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि समस्याओं को लेकर कई बार आंदोलन करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सभा का संचालन जिला इकाई के जिला सचिव शेखरानंद जोशी ने किया। वहां धन गिरी गोस्वामी, डुंगर सिंह, देवेंद्र, विक्रम धपोला, शेखर जोशी, मोहन सिंह, ख्याली पांडे, बीसी कांडपाल आदि थे।