बागेश्वर। तीन बार राजकीय शिक्षक संघ अल्मोड़ा और बागेश्वर के जिलाध्यक्ष तथा 12 साल तक कांग्रेस के जिला प्रभारी एवं प्रवक्ता पद पर रहे अवकाश प्राप्त शिक्षक बहादुर सिंह परिहार ने कांग्रेस छोड़ दी है। भाजपा के जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। परिहार की कर्मठता को देखते हुए गढ़िया ने उन्हें जिला कार्यकारिणी में आमंत्रित सदस्य भी मनोनीत कर दिया है। वहां जिला महामंत्री सुरेश कांडपाल, विधायक चंदन राम दास, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा आर्या, पूर्व पालिकाध्यक्ष सुबोध साह, जगदीश जोशी, खड़क टंगड़िया, दयाल कांडपाल, महेश खेतवाल, गिरीश खेतवाल आदि थे।