फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुर्सी न मिलने पर भड़के परवेज अली, रेनू बोलीं आपकी गलती

Mon, 14 Mar 2016 12:40 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला अमरोहा
विज्ञापन
अमरोहा विकास भवन में जिला पंचायत की बैठक में बोलती अध्यक्ष रेनू चौधरी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
जिला पंचायत की पहली बैठक में ही तनातनी की स्थिति बन गई। बैठने के लिए कुर्सी नहीं मिलने से कई जिला पंचायत सदस्य भड़क गए। एमएलसी परवेज अली भी एएमए पर नाराज हो गए। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू चौधरी भी बोल पड़ीं, कि आपकी ही गलती है। देर से आओगे तो कहां से कुर्सी मिलेगी।
विज्ञापन


इस बीच कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर ने पार्टी के दूसरे सदस्यों को बाहर कर सदस्यों को स्थान दिलाया तब मामला शांत हुआ। इसके अलावा बोलने का मौका नहीं मिलने से भी तमाम सदस्य खफा हो गए। हंगामे के बीच करीब ढाई घंटे चली बैठक में 18.29 करोड़ रुपये से कराए जाने वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव पास किए गए।

विकास भवन सभागार में रविवार को जिला पंचायत की पहली बैठक में जनप्रतिनिधियों से ज्यादा अन्य लोग पहुंच गए, जबकि बैठने के लिए कुर्सियां सीमित थीं। कुर्सी नहीं मिलने पर कई जिला पंचायत सदस्यों ने हंगामा कर दिया। वहीं कुछ का कहना था कि उनको बैठक का एजेंडा नहीं मिला है।
विज्ञापन


वहीं कुछ कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर, विधायक अशफाक अली  खां, एमएलसी परवेज अली के ही बोलने पर खफा हो गए। बोले कि, उन्हें बोलने का मौका नहीं देना था तो क्यों बुलाया। इसको लेकर सदन में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। 

कमाल अख्तर हुए नाराज
 बैठक में कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर ने मनरेगा डीसी से हसनपुर व गंगेश्वरी ब्लाक के लिए धनराशि कम रखे जाने पर नाराजगी जताई। वहीं कैबिनेट मंत्री ने जिला पंचायत की खाली पड़ी जमीन पर जन हित के कार्य कराने के लिए उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। जिस पर भी सभी ने हामी भरी। इसके अलावा बैठक में 18 करोड़, 29 लाख, 29 हजार के खर्च का बजट पास किया गया। इस तरह 2016-17 के लिए 18 करोड़, 29 लाख, 29 हजार का बजट निर्धारित किया गया है, जो 2015-16 के बजट में किए गए खर्च से कम है। तब 23 करोड़, 70 लाख, 73 हजार का प्रावधान किया गया था। 

परिवार की तरह हैं सभी सदस्य 
विकास भवन में हुई जिला पंचायत की बैठक में अध्यक्ष रेनू चौधरी ने सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की। कहा कि जिला पंचायत एक परिवार की तरह है। अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व सदस्य जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे, जिसके कारण उनको जनता ने नकार दिया। सिर्फ सकीना बेगम ने ही जीत दर्ज की। 

दो दिन में एस्टीमेट बनाने के निर्देश
जिला पंचायत की बैठक में खाद्य एवं रसद मंत्री कमाल अख्तर ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को आदमपुर की रोड निर्माण के लिए दो दिन में एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। 

व्यावसायिक भवनों पर लगेगा टैक्स
जिला पंचायत की बैठक में अपर मुख्य विकास अधिकारी तपेश चंद्र वर्मा व एई भगत सिंह ने आमदनी बढ़ाने के लिए ग्रामीण इलाकों में बनने वाले भवनों पर टैक्स लगाने का प्रस्ताव रखा। जिसे कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर,नौगावां सादात विधायक अशफाक अली खां तथा एमएलसी परवेज अली और जिला पंचायत सदस्यों ने खारिज कर दिया। सभी ने एक स्वर में  ग्रामीण इलाकों में व्यवसायिक भवनों पर टैक्स लगाने को कहा। 

तिगरी गंगा पर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी हों 
विकास भवन में रविवार को हुई जिला पंचायत की प्रथम बैठक में कुछ सदस्यों ने तिगरी में गंगा किनारे ही मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने का प्रस्ताव रखा। जिससे उनके परिजनों को इसके लिए भटकना न पड़े। जिस पर सभी ने अपनी स्वीकृति दी। 

बैठक में यह रहे मौजूद
पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्रपाल सिंह, सीडीओ शिव कुमार मिश्र, पीडी पदमकांत शुक्ला, विधायक एम चंद्रा, समाज कल्याण अधिकारी मनोज यादव, डीपीआरओ जाहिद हुसैन, डीसीओ विजय बहादुर सिंह, युद्घवीर सिंह, महेंद्र सिंह खड़गवंशी, कामेंद्र सिंह, जयदेव सिंह, रामपाल सिंह खड़गवंशी, नदीम चौधरी, राजीव कुमार, पिंटू उर्फ भूपेंद्र गुर्जर, रवि यादव, भूपेंद्र सिंह, मनवीर चिकारा, नेपाल सिंह, राजवीर सिंह, अफसर अली वारसी आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें