अमरोहा। नियुक्ति न मिलने से नाराज सीजनल कर्मचारियों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने गन्ना समिति में तालाबंदी कर जमकर नारेबाजी की और बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी है। समिति सचिव पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और मांगे न माने जाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। यूपी के एंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले कर्मचारी एकत्र होकर सहकारी गन्ना विकास समिति कार्यालय पहुंचे और सचिव के सामने अपनी मांगे रखी। काफी देर हुई बातचीत के बाद भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला, तो कर्मचारियों ने समिति गेट पर चले चैनल को बंद कर ताला जड़ दिया। राज्य कर्मचारी संघ के मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि अधिकारियों की हठधर्मिता के कारण सभी सामयिक कर्मचारियों का भविष्य अंधकारमय हो चुका है। समिति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मदनपाल सिंह ने इसकी कड़े शब्दों में निंदा की और कर्मचारियों के भविष्य से खिलवाड़ न करने की चेतावनी दी। इस दौरान गिरीशपाल सिंह, रमेश चंद्र, मोहित कुमार, यतेंद्र कुमार, सतीश कुमार, चेतराम सिंह, कुशलपाल सिंह, असगर अली, दिलशाद अली, तेजपाल सिंह, अजयपाल सिंह, रूपराम सिंह आदि रहे।