रानीखेत (अल्मोड़ा)। हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर उपराड़ी में स्कूटी से गिरकर युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक होटल से काम कर घर की तरफ पैदल लौट रहा था। रास्ते में उसे परिचित स्कूटी सवार आता दिखाई दिया। उससे लिफ्ट लेकर वह बैठ ही रहा था कि अचानक वह गश खाकर सड़क पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार उपराड़ी निवासी संतोष कुमार (40) पुत्र स्व. वीरेंद्र लाल एक होटल में कार्यरत था। बुधवार की दोपहर वह होटल से पैदल घर लौट रहा था। रास्ते में उसे परिचित की स्कूटी आती दिखी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संतोष ने उससे लिफ्ट मांगी और जैसे ही बैठ रहा था कि अचानक गश खाकर सड़क पर गिर गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
स्थानीय लोगों ने उसे निजी वाहन से राजकीय अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के सिर में गंभीर चोट थी। नाक, कान और मुंह से खून बह रहा था। संभवत: ब्रेन हेमरेज की वजह से मौत हुई होगी। बाद में पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। संतोष के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। संवाद