बागेश्वर। छत पर घूमते समय मोबाइल पर बात कर रहीं बुजुर्ग महिला नीचे गिर गईं। उनको गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कांडा के मंतोली निवासी नीमा देवी (60) पत्नी दरवान सिंह बुधवार को अपने मकान की छत पर टहलते हुए मोबाइल फोन पर बात कर रही थीं। बात करते हुए वह छत के किनारे तक पहुंच गईं और अचानक उनका संतुलन बिगड़ गई। महिला के नीचे गिरते ही परिजनों ने उन्हें उठाया और तत्काल जिला अस्पताल लाए। डॉ. अनिका ने बताया कि महिला के सिर और चेहरे पर चोट है। दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए हैं। उन्हें हड्डी रोग विशेषज्ञ की देखरेख में भर्ती किया गया है।