अल्मोड़ा। अल्मोड़ा नगर में दूसरे दिन भी पानी की आपूर्ति ठप रही। पूरे नगर में दो दिन से पानी की आपूर्ति ठप रहने से लोग परेशान हैं। कई लोग आसपास के नोलों और अन्य प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढो रहे हैं। बता दें कि सोमेश्वर इलाके में दो दिन पूर्व भारी बारिश आने से कोसी नदी में सिल्ट बह कर आ गई थी और पानी काफी गंदा हो गया था। जिससे बुधवार से ही पंप नहीं चल सके। जल संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह से पम्प चलने लगे हैं लेकिन नगर में पानी की आपूर्ति शुक्रवार सुबह ही हो पाएगी।