24 गांवों के 5000 लोगों को सात दिन बाद भी नहीं मिला पानी
द्वाराहाट (अल्मोड़ा )। द्वाराहाट विकासखंड के खीरोघाटी पंपिंग पेयजल योजना से एक हफ्ते बाद भी उपभोक्ताओं को पानी नहीं मिल पाया है। इलाके के उपभोक्ता अपने अन्य काम छोड़कर जल के इंतजाम में अपनी सुबह और शाम खपा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने अब आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
बृहस्पतिवार को सातवें दिन भी पेयजल आपूर्ति ठप रही। एक सप्ताह से क्षेत्र के 24 से अधिक गांवों में पानी की त्राहि-त्राहि मची है। पांच हजार से अधिक आबादी पेयजल संकट से त्रस्त है। लोगों ने पेयजल आपूर्ति न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
खीरोघाटी पंपिंग पेयजल योजना के तिपौला में बना टैंक क्षतिग्रस्त होने से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। टैंक से जुड़े तल्ली कहाली, मल्ली कहाली, कुई, मैनोली, असगोली, सिमलगांव, छतगुल्ला, बसेरा, कुन्स्यारी, तिपौला, छतीना, बूंगा, धन्यारी, सलना, किरोली, कूना, खलना, चमीनी सहित 24 से अधिक गांवों की 5000 से अधिक की आबादी को बृहस्पतिवार को भी पानी नहीं मिला। गांवों में पानी के लिए हाहाकार मच गया है। लोग पानी के लिए प्राकृतिक जल स्र्रोतों की दौड़ लगा रहे हैं। पशुओं के लिए पानी के इंतजाम करना मुश्किल हो रहा है।
लोग बोले
एक सप्ताह से नलों में पानी की एक बूंद भी नहीं टपकी। पानी की आपूर्ति शीघ्र नहीं होने पर ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा। उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। -ललित मोहन पांडे, प्रधान कुमाल्ट
सात दिनों से पानी नहीं आ रहा है। स्टाक किया पानी खत्म हो गया है। पशुओं के लिए भी पर्याप्त पानी की व्यवस्था नहीं हो रही है। जिससे दिक्कतें बढ़ गई हैं। पेयजल आपूर्ति शीघ्र बहाल की जाए।- लक्ष्मण सिंह किरौला, किरौली
क्षतिग्रस्त टैंक मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है। केमिकल सूखने में समय लगेगा। शुक्रवार को टेस्टिंग कर जांच करेंगे। -एसएस रौतेला, जेई जल संस्थान द्वाराहाट