द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वाराहाट के दो विद्यार्थियों विनीत सिंह बसेड़ा और पंकज कुमार ने भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर में आयोजित छह दिवसीय देवभूमि उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। 26 से 31 अक्तूबर तक आयोजित आवासीय प्रशिक्षण में दोनों विद्यार्थियों ने अपने उत्पादों के साथ भाग लिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीसी पंत ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं। महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. प्रकाश चंद्र और सहायक नोडल अधिकारी अशोक कुमार ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता कौशल विकसित कर उन्हें स्वरोजगार, नवाचार और रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहित करना है।