बागेश्वर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य और पोषण दिवस के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें दवाइयों का वितरण किया। शनिवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर चौंरा की ओर से रताइस गांव में, धारी की ओर से फल्यांटी में, भंडारीगांव की ओर से ठांगा में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भवतियों, नवजात बच्चों और अन्य ग्रामीणों के वजन, रक्तचाप, बीपी, शुगर की जांच की। ग्रामीणों को संक्रामक रोगों से रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई। पांच साल तक के शिशुओं का टीकाकरण किया गया। इस मौके पर डॉ. अमित आनंद, सीएचओ काजल जनौटी, प्रियंका बुढ़लाकोटी, जुनैद आलम आदि मौजूद रहे।