अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर में उत्तराखंड स्टूडेंट्स फेडरेशन (यूएसएफ) कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में एबीवीपी छात्र नेता धीरज बिष्ट के नाबालिग छात्रा के साथ किए कथित दुष्कर्म के विरोध में एबीवीपी का पुतला जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बृहस्पतिवार को परिसर में छात्र नेता धीरज भैंसोड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी अपराध को संगठन या राजनीतिक पहचान के आधार पर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। आक्रोशित छात्रों ने एबीवीपी का पुतला जलाकर इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग उठाई। वहां कमल सिंह, गौरव सिंह सतवाल, शिवम, विजय पंत, ध्रुव, दीपक सिंह, प्रतीक आदि मौजूद रहे।