द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। सबसे बड़ी तहसील के द्वाराहाट क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्षों पूर्व स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन एक महीने से ठप है। जिस कारण दूर दराज के रोगियों और गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रानीखेत राजकीय अस्पताल से रेडियोलॉजिस्ट सप्ताह में एक बार यहां अल्ट्रासाउंड करने आते थे, लेकिन अब फिर से व्यवस्था ठप हो गई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 2004 में पूर्व विधायक स्व. बिपिन त्रिपाठी के प्रयासों से अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना हुई थी। मशीन स्थापित होने के बाद से ही यहां स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति नहीं हो सकी। वर्षों तक मशीन जंक खाती रही। इसके बाद तमाम आंदोलनों के बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर कभी अल्मोड़ा से तो कभी रानीखेत से सप्ताह में एक दिन रेडियोलॉजिस्ट यहां सेवाएं दे रहे थे। पिछले एक महीने से यह सेवा भी बंद है। इधर, रानीखेत राजकीय अस्पताल के अधीक्षक डाॅ. केके पांडेय ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट डाॅ. हर्षवर्धन पंत का स्थानांतरण हो गया है। उनके स्थान पर अब नए रेडियोलॉजिस्ट आए हैं।
-इंसैट
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने की अल्ट्रसाउंड कैंप लगाने की मांग
द्वाराहाट। कांग्रेस रानीखेत जिला अध्यक्ष नारायण रावत ने मुख्य चिकित्साधिकारी से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सप्ताह में एक दिन रेडियोलाॅजिस्ट भेजने और इसी सप्ताह द्वाराहाट में अल्ट्रासाउंड कैंप लगाने की मांग की है। कहा कि चौखुटिया द्वाराहाट क्षेत्र की सैकड़ों गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं। 40 किमी दूर रानीखेत आने जाने में गर्भवती महिलाएं परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन यहां अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था होगी तो गर्भवती महिलाओं को परेशानी नहीं होगी।