गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की महिलाओं को भोजन बनाने को लकड़ी, केरोसिन और ईंधन के अन्य विकल्पों से निजात मिलेगी। केंद्र सरकार द्वारा घोषित उज्ज्वला योजना के तहत बीपीएल परिवार की महिलाओं को जल्दी ही निशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन मिलेंगे। अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में ही 1.70 लाख परिवारों को इस वर्ष गैस कनेक्शन मिलने की उम्मीद है।
नगर और कस्बाई क्षेत्र के अधिकांश परिवार अब एलपीजी गैस के जरिये खाना बनाते हैं, लेकिन गरीब परिवारों के चूल्हे अब भी लकड़ी से ही जलते हैं। लकड़ी की कमी और विपरीत मौसम में गीली लकड़ियों से निकलने वाले धुएं से स्वास्थ्य प्रभावित होता है। साथ ही चूल्हे से निकलने वाला धुआं पर्यावरण के लिए भी घातक है। गरीब परिवारों को विकास का लाभ पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना चलाई है। इस योजना के तहत बीपीएल क्रमांक धारी परिवारों की महिलाओं के नाम से निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन दिया जाएगा। केंद्र सरकार की घोषणा के मुताबिक केएमवीएन की अल्मोड़ा गैस सर्विस ने भी पात्र परिवारों को कनेक्शन देने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अल्मोड़ा गैस एजेंसी के प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन देने के अब तक आदेश नहीं पहुंचे हैं, लेकिन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिले के लिए 1.70 लाख संयोजनों का कोटा निर्धारित करने की सूचना है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बीपीएल क्रमांक प्रमाण पत्र की छाया प्रति, दो फोटो के साथ आवेदन फार्म भरकर तैयार रखने को कहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यालय से आदेश मिलते ही गैस कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।