अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में दो डॉक्टरों के अवकाश पर रहने से उपचार के लिए आए मरीज परेशान रहे। कई मरीजों को निजी अस्पताल में उपचार कराना पड़ा।
शुक्रवार को जिला अस्पताल में धौलादेवी, हवालबाग, लमगड़ा, भैंसियाछाना विकासखंडों के विभिन्न गांवों से मरीज उपचार कराने पहुंचे। सुबह से ही मरीजों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। अस्पताल में ओपीडी 350 रही। नेत्र सर्जन और फिजिशियन के अवकाश पर रहने से उपचार को आए मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। कई मरीज पांच किमी दूर मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित बेस अस्पताल गए। वहां भी भीड़ होने पर उन्हें अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। कुछ मरीजों ने निजी अस्पताल में उपचार कराया जिस कारण उनका काफी पैसा खर्च हो गया। मौसम में बदलाव से अस्पताल में दमा, बुखार सहित अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। इधर, अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि चिकित्सक जल्द अवकाश से लौटेंगे।