रानीखेत (अल्मोड़ा)। ऐना गांव में हल्द्वानी के एक प्रॉपर्टी डीलर से ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रापर्टी डीलर की तहरीर पर दिल्ली और गाजियाबाद के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
हल्द्वानी के कठघरिया निवासी प्रॉपर्टी डीलर राजेश रावत ने रानीखेत कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि ऐना गांव में 34 नाली जमीन का सौदा हुआ था। सौदा गाजियाबाद इंदिरापुरम निवासी शिल्पा गुप्ता, वेस्ट पार्क शाहदरा दिल्ली निवासी अली अकबर, साउथ दिल्ली निवासी गजराज चौधरी और सचिन चौधरी के साथ लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये में हुआ है।
उन्होंने बताया कि जमीन खरीदने वालों ने उन्हें 18 चेक दिए थे। तीन चेकों से तीन करोड़ रुपये निकले। बाकी के चेक बाउंस हो गए। राजेश रावत ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने खरीदारों से बाकी की धनराशि देने का आग्रह किया तो वे जान से मारने की धमकी देने लगे।
प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों का अधिकार नहीं: तिवारी
रानीखेत। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि डांडा कांडा हो या नानीसार सरकार पहाड़ की जमीनों को औने पौने दामों पर बेचकर यहां कब्जा किया जा रहा है। पहाड़ के प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों का ही अब अधिकार नहीं रह गया है।
-ऐना गांव में जमीन की खरीद मामले में धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद रानीखेेत कोतवाली में केस दर्ज है। इस मामले की विवेचना चल रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
-पीके रॉय, एसएसपी अल्मोड़ा