तहसील सल्ट के अंतर्गत ग्राम पंचायत भवाली में नया विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान विद्युत लाइन चालू हो जाने पर लाइनमैन करंट की चपेट में आने से झुलस गया। ग्रामीणों ने घायल लाइनमैन को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रामनगर के लिए रेफर कर दिया गया है। बताया गया है कि लाइनमैन ठेका प्रथा के अंतर्गत रखा गया था। जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत भवाली में करीब एक सप्ताह से विद्युत ट्रांसफार्मर खराब था। बुधवार को गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा था। लाइनमैन बलवंत सिंह (30) पुत्र कुबेर सिंह निवासी कुमिया चौड़मुनरा ने विद्युत सब स्टेशन से शटडाउन मांगा था। लाइनमैन ट्रांसफार्मर लगा रहा था, लेकिन कुछ ही देर में लाइन चालू कर दी गई। इससे लाइनमैन बलवंत सिंह करंट लगने से बुरी तरह झुलस गया। ग्रामीणों ने 108 को घटना की सूचना दी, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने निजी वाहन से घायल लाइनमैन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे रामनगर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।