फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मरचूला-रामनगर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बस ने बाइक को पीछे से रौंदा, युवक की मौत; साथी घायल

Sat, 10 Oct 2026 11:45 AM IST
गायत्री जोशी संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा

सार

मरचूला-रामनगर हाईवे पर दुर्गा देवी गेट के पास तेज रफ्तार बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय गौरव की मौके पर मौत हो गई जबकि पीछे बैठा पुष्कर गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
दुर्घटना के बाद सड़क किनारे खड़ी बस और सड़क पर खड़े बस में सवार यात्री। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मरचूला-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर दुर्गा देवी गेट के पास एक भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि बाइक पर पीछे बैठा दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार बस ने आगे चल रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक सीधे बस के पिछले टायर के नीचे आ गया।

सल्ट ब्लॉक के खलपाटी गांव निवासी गौरव (23) पुत्र गणेश राम अपने साथी पुष्कर (35) पुत्र किशन राम के साथ बाइक से अजोली से रामनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मार्ग पर रसियामहादेव की ओर से रामनगर जा रही गढ़वाल मोटर्स की बस संख्या (यूके 12-पीबी -0341) ने उनकी बाइक को पीछे से रौंद दिया। टक्कर लगते ही पीछे बैठा पुष्कर छिटककर सड़क किनारे जा गिरा जिससे उसकी जान बच गई लेकिन गौरव सड़क के बीचोंबीच गिरने के कारण बस के टायर की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता को देख मार्ग पर चल रहे अन्य राहगीरों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना मिलते ही भतरौजखान पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और घायल पुष्कर को नजदीकी चिकित्सालय भिजवाया। पुलिस ने मृतक के मोबाइल व दस्तावेज के आधार पर परिजनों को दुर्घटना की तत्काल सूचना दे दी है। हादसे के बाद से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है और पुलिस की ओर से मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

मरचूला-रामनगर हाईवे पर हुए हादसे में घायल युवक को उपचार के लिए रामनगर चिकित्सालय भेज दिया गया है। मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच कर मामले में नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-भावना कैंथोला, सीओ रानीखेत

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें