बारिश में सड़कों पर आया मलबा, उमस भरी गर्मी से मिली राहत
अल्मोड़ा। बारिश में मलबा आने से जिले के तीन ग्रामीण मोटर मार्ग बंद है। इस कारण ग्रामीणों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार की देर रात झमाझम बारिश हुई। शुक्रवार की सुबह मौसम खुला लेकिन दोपहर में फिर मौसम ने करवट ली। आसमान में बादल छा गए और बारिश होने लगी। दिन भर रुक-रुक कर बारिश हुई। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक गगास-खोली महादेव, उदयपुर-मेगापानी, बचखेत-किचार मोटर मार्ग में मलबा आने से तीनों ग्रामीण मोटर मार्ग में यातायात ठप है। इस कारण ग्रामीणों को आवाजाही में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। आपदा कंट्रोल रूम के मुताबिक बंद पड़े तीनों मोटर मार्गो को खोलने का काम चल रहा है। संवाद