अल्मोड़ा। पंचायत चुनावों को लेकर डुगडुगी बज चुकी है। हालांकि अभी चुनाव तिथी का ऐलान नहीं हुआ है। न ही अंतिम सूची जारी हुई है। अनंतिम सूची जारी होने के बाद वर्षों से नेताजी बनने का सपने देख रहे लोग आरक्षण जारी होने के बाद जुगाड़ बिठाने में लग गए हैं। वह जारी हुए आरक्षण से नाराज होकर आपत्ति लगा रहे हैं। अल्मोड़ा जिले में 1106 ग्राम पंचायत हैं। आरक्षण सूची जारी होने के बाद रविवार देर शाम तक 294 आपत्तियां दर्ज की गईं। ब्लाॅक प्रमुख पद के लिए सात, जिला पंचायत सदस्य के लिए 33, बीडीसी सदस्य के लिए 69, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 69 आपत्तियां दर्ज की गईं। सर्वाधिक आपत्तियां ग्राम प्रधान के लिए 185 दर्ज हुई हैं। निर्वाचन आयोग आपत्तियां का निस्तारण तथ्यों के आधार कर रहा है। 18 जून को अंतिम आरक्षण सूची जारी होगी।