अल्मोड़ा में प्रेस वार्ता करते युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, साथ में कांग्रेस ज
अल्मोड़ा। युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जिस विधानसभा क्षेत्र या जिले में जाएंगे वहां युवा कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे दिखाकर उनका विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा घोटालों की सरकार को सीबीआई जांच करानी चाहिए ताकि इस घोटाले में शामिल दोषियों को कड़ी सजा मिल सके।
यह बात युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भुल्लर ने रविवार को यहां जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार पाक साफ है तो वह भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच कराने से क्यों डर रही है। यदि वह पाक साफ है तो जल्द सीबीआई जांच कराए। उत्तराखंड को लोग पेपर घोटाला प्रदेश के नाम से जान रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के नकल रोधी कानून का सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता ही स्वागत कर रैलियां निकाल कर का आभार जता रहे हैं।
भुल्लर ने भाजपा सरकार को युवा विरोधी करार देते हुए कहा यदि सरकार युवाओं को रोजगार देने में समर्थ नहीं है तो मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा नकल माफियाओं की कमर तोड़ने की बजाए सरकार नकल की शिकायत करने वालों की कमर तोड़ रही है। नकल की शिकायत करने पर अफवाह फैलाने के आरोप में खौफ पैदा किया जा रहा है। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष कुमार, युवा कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मल रावत, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष विपुल कार्की, विधानसभा जागेश्वर क्षेत्र अध्यक्ष विजय मलारा, विधानसभा सोमेश्वर क्षेत्र अध्यक्ष भुवन दोसाद आदि मौजूद थे।