गरुड़ (बागेश्वर)। किशोर ने सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान से साठ हजार रुपये उड़ा लिये। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह थायत पुरुड़ा के सस्ता गल्ला विक्रेता हैं। भौंरा पुल के पास उनकी दुकान है। 14 अगस्त की दोपहर वह खाना खाने गए। लौटकर देखा कि किसी ने बंद दुकान के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर दुकान के गल्ले से 60 हजार रुपये चुरा लिए। राजेंद्र ने घटना की तहरीर थाना बैजनाथ पुलिस को दी। चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी फुटेज देखी। इसकी मदद से एक किशोर को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि किशोर ने चुराई गई रकम पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने किशोर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उसे जमानत पर छोड़ दिया।