पपरसली में लगे शिविर में मरीजों की जांच करते हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी यादव। संवाद
अल्मोड़ा। पहाड़ों में हृदय रोगियों की संख्या बढ़ना चिंता का विषय है। खानपान का ध्यान न रखने से लोग रक्तचाप से ग्रसित होकर दिल के रोगी बन रहे हैं, यह बात कही स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी यादव ने।
रविवार को उत्तरायण फाउंडेशन की ओर से पपरसली में स्वास्थ्य शिविर लगा। नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी यादव ने लोगों की ईसीजी सहित अन्य जांच की। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में शुद्ध वातावरण के बीच दिल के मरीजों की संख्या बढ़ना गहरी चिंता का विषय है। कहा कि हर पांचवां व्यक्ति रक्तचाप से जूझ रहा है जो दिल के रोग का मुख्य कारण है। ऐसे में लोगों को खानपान का विशेष ध्यान देना चाहिए। इस दौरान लोगों के आंखों की जांच भी की गई।
इस मौके पर वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण यादव, फिजिशियन डॉ. नवीन चंद्र पांडे, फाउंडेशन के सचिव महिपाल पिलख्वाल आदि मौजूद रहे।