फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: जेसीबी पर गिरा बोल्डर...चालक की मौत, सड़क निर्माण के दौरान हुआ हादसा

Fri, 11 Apr 2025 02:06 PM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, अल्मोड़ा

सार

द्वाराहाट में सड़क निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी के ऊपर बोल्डरों के साथ भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। इससे हरियाणा निवासी चालक जेसीबी समेत मलबे से दब गया और उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
बोल्डर और मलबे के नीचे दबी जेसीबी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट में सड़क निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी के ऊपर बोल्डरों के साथ भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। इससे हरियाणा निवासी चालक जेसीबी समेत मलबे से दब गया और उसकी मौत हो गई।

पीएमजीएसवाई की ओर से असगोली-पैठानी मोटरमार्ग का निर्माण किया जा रहा है। बृहस्पतिवार सुबह जेसीबी से ग्राम सभा सिमलगांव के तोक घूने में पहाड़ का कटान का काम चल रहा था। सुबह करीब 10 बजे अचानक बड़े-बड़े बोल्डरों के साथ काफी मलबा जेसीबी पर आ गिरा। हादसे में जेसीबी के साथ ही चालक हरियाणा के नूह जिले के ग्राम झारकुड़ी निवासी करतार सिंह पुत्र राम सिंह (39 वर्ष) मलबे में दब गया।

सूचना पर तहसीलदार तीतिक्षा जोशी और थानाध्यक्ष अवनीश कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। दूसरी जेसीबी की मदद से बोल्डर और मलबा किनारे कर करतार सिंह को निकाला गया। उसे तत्काल 108 एंबुलेंस से सीएचसी द्वाराहाट लाया गया, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी द्वाराहाट के प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. रविशंकर ने बताया कि सिर और शरीर के अन्य हिस्से में बेहद गंभीर चोटें लगने से करतार की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार रोड कटिंग का काम पंचघाटी कंस्ट्रक्शन कंपनी के माध्यम से किया जा रहा है। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।

बुधवार शाम भारी बारिश से जमीन गीली थी। पहाड़ के कटान के दौरान मलबा गिरा, जिसमें चालक जेसीबी समेत दब गया। गंभीर रूप से घायल करतार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। - राजेंद्र लाल साह, एई, पीएमजीएसवाई द्वाराहाट

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें