अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र में सोमवार को एक टैक्सी चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान राम सिंह पंवार निवासी ग्राम चौमू, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राम सिंह एनटीडी क्षेत्र में एपीएस अपार्टमेंट के पास किराये के मकान में रहते थे। सोमवार को वह अपनी टैक्सी कार संख्या यूके 01 टीए 3071 में मिले। बताया गया कि उसने कार में उल्टियां भी की थीं। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए बेस अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। सीओ भावना कैंथोला ने बताया कि प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब पीने के कारण मौत होने का अंदेशा लगाया जा रहा है लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।