अल्मोड़ा। जिले के जीआईसी गंगानगर मोतियापाथर में 18 साल बाद भी इंटर में गणित विषय को स्वीकृति नहीं मिल पाई है। ऐसे में इंजीनियर बनने का सपना लिए विद्यार्थियों को अन्य विद्यालयों का रुख करना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर विद्यालय होते हुए भी विद्यार्थी गणित का ज्ञान लेने के लिए सात से नौ किमी दूर दूसरे विद्यालयों का रुख करने के लिए मजबूर हैं।
वर्ष 2005 में गंगानगर मोतियापाथर में इंटर कॉलेज का संचालन शुरू किया गया। तब क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर हर विषय का ज्ञान मिलने की उम्मीद जगी। अब 18 साल बाद भी हालात नहीं बदले। विद्यालय में इंटरमीडिएट में गणित विषय को स्वीकृति दिलाने की मांग वर्षों से की जा रही है जिस पर गौर नहीं किया गया। ऐसे में विद्यार्थियों को हाईस्कूल के बाद गणित की पढ़ाई के लिए समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हालात ये हैं कि विद्यार्थी गणित पढ़ने के लिए नौ किमी दूर शहरफाटक या आठ किमी दूर पहाड़पानी इंटर कॉलेज की दौड़ लगा रहे हैं। इन सब के बीच सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी के दावे किए जा रहे हैं। संवाद
प्रधानाचार्य समेत शिक्षकों के पद रिक्त
अल्मोड़ा। विद्यालय में शिक्षकों की भी कमी है। विद्यालय में प्रधानाचार्य के साथ ही राजनीतिशास्त्र, समाजशास्त्र के प्रवक्ता, एलटी संवर्ग में अंग्रेजी विषय के शिक्षक का पद भी रिक्त है। शिक्षकों की कमी से यहां पढ़ने वाले 303 विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इंटर में गणित विषय की स्वीकृति का मामला शासन स्तर का है। स्वीकृति के बाद ही विद्यालय में गणित विषय की पढ़ाई संभव है। प्रेमा बिष्ट, खंड शिक्षाधिकारी, लमगड़ा।