अल्मोड़ा। रैमजे इंटर कॉलेज में दो दिनी राज्यस्तरीय योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। प्रतियोगिता में दस जिलों के 15 टीमों के 150 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन जूनियर, सीनियर और मास्टर वर्ग के प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
शनिवार को रैमजे इंटर कॉलेज में प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि महिला आयोग समिति की उपाध्यक्ष ज्योति मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ जीवन के लिए योगाभ्यास जरूरी है। योग को दिनचर्या में शामिल करने से ही हम एक स्वस्थ समाज का निर्माण कर पाएंगे। आयोजन समिति के महासचिव कमल कुमार बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासचिव उत्तराखंड स्पोर्ट्स योगासन एसोसिएशन डॉ. कपिल शास्त्री ने की। संचालन दिव्या जोशी और दीपिका गोस्वामी ने किया। निर्णायक उत्तराखंड स्पोर्ट्स योगासना एसोसिएशन के महासचिव भास्कर ओली और सीमा जोहर आदि शामिल रहे। वहां उत्तराखंड स्पोर्ट्स योगासना एसोसिएशन महासचिव कपिल शास्त्री, डॉ. प्रेम प्रकाश पांडे, विमला शाही, विशिष्ठ अतिथि अंतरराष्ट्रीय योग परीक्षक जेडी राणा, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, कमल कुमार बिष्ट आदि मौजूद रहे।