इस तरह शो पीस बनी हैं सौर ऊर्जा की लाइटें।
- फोटो : AMAR UJALA
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट क्षेत्र में कई गांव के रास्तों में लगी सौर ऊर्जा लाइटें शो-पीस बन कर रह गई हैं। दूनागिरी मंदिर, घगलोड़ी बिजेपुर, धनखलगांव को जाने वाले मुख्य रास्ते घटैढाली पर लगी ये लाइटें खराब पड़ी है, जिससे शाम होते ही इन क्षेत्रों में अंधेरा छा जाता है।
बिजेपुर को जाने वाले रास्ते पर लगी, बिजेपुर भूमियांथान मन्दिर, बिजेपुर में कालिका मंदिर के पास, घगलोड़ी ग्राम पंचायत तहत मानव सेवा उत्थान सेवा समिति आश्रम उटौड़, बांजैगैर में लगी सौर ऊर्जा लाइटों के कई महीनों से नहीं जलने से ग्रामीणों को खासी परेशानी हो रही है। बताया जा रहा है कि बांजैगैर में लगी सौर ऊर्जा की बैटरी चोरी हो गई, घटैढाली में लगी सौर ऊर्जा लाईट के पोल, बैटरी आदि भी गायब हैं।
टनौला वाले रास्ते से ग्रामीण पानी के लिए नौले को जाते हैं। यहां झाड़ियों से जंगली जानवरों का खतरा भी है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग ने इनमें कई की बैटरियां तो बदल दीं, लेकिन इससे न सिर्फ रोशनी कम हो गई है, बल्कि कुछ जल्दी खराब भी हो गईं। ग्रामीणों ने उरेडा की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए तत्काल इन्हें ठीक करवाने की मांग की है।
मांग करने वालों में रमेश त्रिपाठी, माया बिष्ट, पूरन त्रिपाठी, प्रमोद तिवारी, रमेश राम, बसंती देवी, भरत साह, दिवान सिंह रौतेला, नंदन सिंह, भोपाल सिंह आदि शामिल हैं।