हाईस्कूल मेरिट सूची में 23वें स्थान पर रहे तेजस सिंह मेहरा मिठाई खिलाते माता पिता।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में इस बार अल्मोड़ा नगर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। इस बार दूरस्थ मौलेखाल तहसील के भ्याड़ी में स्थित इंटर कॉलेज का एक छात्र भी राज्य स्तरीय मेरिट में 23वां स्थान प्राप्त करने में सफल रहा। उसने 93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं द्वाराहाट, चौखुटिया के अलावा नौगांव कफड़ा, बाड़ेछीना में स्थित विद्यालयों के छात्रों ने भी राज्य स्तरीय मेरिट में स्थान बनाया है। राज्य स्तरीय मेरिट में विवेकानंद इंटर कॉलेज द्वाराहाट की इंटर की छात्रा अजिता तिवारी ने राज्य स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त करके शानदार सफलता अर्जित की। वहीं दूरस्थ नौगांव कफड़ा की छात्रा मनोरमा पांडे ने 92.81 अंकों के साथ राज्य स्तर पर 14वीं रैंक हासिल की। जबकि इंटरमीडिएट में ही द्वाराहाट की अंजलि मैनाली ने राज्य स्तर पर 14वीं रैंक प्राप्त की। दूसरी तरफ हाईस्कूल में दूरस्थ भ्याड़ी (सल्ट मौलेखाल) के छात्र तजेंद्र सिंह मेहरा ने 93.6 प्रतिशत अंकों के साथ राज्य में 23वीं रैंक प्राप्त करके पूरे इलाके को गौरव का अहसास कराया। इस क्षेत्र में अध्ययनरत कोई छात्र पहली बार राज्य स्तर रैंक हासिल कर सका है। वहीं ग्रामीण अंचल के चौखुटिया के योगेश सिंह ने हाईस्कूल में 23वीं रैंक और बाड़ेछीना इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली गरिमा बिष्ट ने भी राज्य स्तर पर 25वीं रैंक हासिल की है।