अल्मोड़ा। जिले में धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने और शादी से इंकार करने का मामला सामने आया है। आरोपी की पहले से ही तीन शादियां हैं। अब आरोपी शारीरिक संबंध बनाने के बाद चौथी से शादी के लिए धर्मांतरण का दबाव बना रहा है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि पड़ोस में रहने वाले विशेष समुदाय के युवक ने उसकी बहन से शारीरिक संबंध बनाए, इसके बाद उसने एक बच्चे को जन्म दिया। कुछ समय बाद बच्चे की मौत हो गई। मामले में पूछताछ के बाद बहन ने आरोपी के नाम का खुलासा किया।
जानकारी लेने पर पता चला कि आरोपी पहले ही तीन शादी कर चुका है। बीते 19 सितंबर को उसकी बहन लापता हो गई थी, जो पुलिस को आरोपी के साथ मिली। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि युवक बहन पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा है। इंकार करने के बाद वह लगातार बहन और उसे धमकी दे रहा है, इससे परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी रामचंद्र राजगुरु का कहना है कि आरोपी के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।