रानीखेत (अल्मोड़ा)। कोरोना महामारी के कारण मूल गांव लौट रहे प्रवासियों को पहाड़ में ही रोकने के लिए अब कई संगठन सरकार से ठोस नीति बनाने की मांग कर रहे हैं। भूतपूर्व सैनिकों की राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने कहा कि रोजगार के अलावा, पहाड़ की शिक्षा, स्वास्थ्य और बदहाल कृषि व्यवस्था को भी ढर्रे पर लाना होगा। पृथक प्रवासी विभाग खोलने की मांग भी उठाई गई।
सैनिक संस्था के प्रदेश महासचिव पूर्व सूबेदार हरि सिंह नेगी ने कहा कि प्रवासियों को रोकने जे लिए सरकार को अब बड़े फैसले लेने होंगे। पहाड़ में सरकारी शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। स्वास्थ्य सेवायें दम तोड़ रही हैं। लोगों को निजी अस्पतालों के रुख करना पड़ता है। उन्होंने एम्स की तर्ज पर रानीखेत में भी अस्पताल खोलने, जंगली जानवरों के कारण चौपट हो रही राज्य की खेती को बचाने के लिए ठोस योजना बनाने तथा तमाम व्यवस्थाओं के लिए प्रवासी विभाग खोलने की मांग उठाई। कहा विभाग के जरिए प्रवासियों की योग्यता व रूचि के आधार पर रोजगार मुहैया कराया जा सकता है।
---::: सस्ती ब्याज दरों पर हो ऋण की व्यवस्था ::: रानीखेत। पूर्व सूबेदार हरि सिंह नेगी ने प्रवासियों के रोजगार के लिए बैंकों से सस्ती ब्याज दरों पर ऋण की व्यवस्था करने, आवासविहीन प्रवासियों के लिए आवास की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई है।