अल्मोड़ा। रामकृष्ण कुटीर अल्मोड़ा में रामकृष्ण परमहंस की 191वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। प्रात: काल मंगल आरती की गई। आश्रम अध्यक्ष स्वामी ध्रुवेशानंद महाराज ने कहा कि रामकृष्ण देव का जीवन संदेश ईश्वर के प्रति हम सबको अग्रसर करने में सर्व उपयोगी है। आज जब दुनिया भौतिकता की ओर यंत्रवत आकर्षित हो रही है तब रामकृष्ण परमहंस का करुणा, प्रेम, मानव सेवा का भाव ज्यादा प्रासंगिक हो जाता है। राजकीय शिशु सदन के बच्चों, नारी निकेतन, किशोर बाल गृह के बच्चों ने भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। शारदा मठ की ओर से ऊनी कपड़ों व रामकृष्ण कुटीर की पुस्तकों का स्टॉल लगाया गया था। इस मौके पर हुए भंडारे में कई लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।