सल्ट में आप की जनसभा में मौजूद भीड़
- फोटो : ALMORA
सल्ट (अल्मोड़ा)। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने शुक्रवार को सल्ट क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया। उनका कहना था कि इस चुनाव में वोट करने से पहले जरूर सोचियेगा। आप की नीतियों के बारे में अपने दिल्ली में रहने वाले रिश्तेदारों से बात करें फिर संतुष्ट होकर आप को वोट करें। इस दौरान आप नेता दीपा रावत ने कई लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। जनता को संबोधित करते हुए मोहनिया ने कहा कि आप ने दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए कई अभूतपूर्व कार्य किए हैं। इसके बारे में दिल्ली की जनता भली भांति जानती है। आप भी अपने दिल्ली में रहने वाले परिचितों और रिश्तेदारों से इस बारे में पूछें और पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही आप के पक्ष में मतदान करें। आपका विश्वास नहीं टूटेगा लेकिन एक बार वोट करने से पहले इस बारे में जरूर सोचें। सल्ट से आप प्रत्याशी सुरेश बिष्ट ने सल्ट में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को लेकर लोगों को जागरूक किया। इन्हें बेहतर बनाने के लिए हमें आप को जिताना है। पार्टी के कई और सदस्यों और नेताओं ने भी जनसभा को संबोधित किया। सभा में पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुनील टम्टा, मीडिया प्रभारी हिम्मत सिंह रावत, युवा अध्यक्ष विक्रम रावत, दीपू नैनवाल आदि शामिल रहे।